उत्तर प्रदेशउत्तराखंड

डॉक्टर ने बता दिया था मृत, सड़क के गड्ढे ने लौटा दीं सांसें

पीलीभीत। बरेली के अस्पताल से ब्रेन डेड घोषित पीलीभीत शहर निवासी महिला की सांसें सड़क के गड्ढे के कारण लगे झटके से लौट आईं। परिजन उन्हें एंबुलेंस से घर वापस ले जा रहे थे। सड़क पर गड्ढे की वजह से गाड़ी में झटका लगा। इस दौरान महिला मरीज की सांसें लौट आईं। रोत-बिलखते परिजनों के चेहरों पर नई उम्मीद जागी। महिला को आननफानन शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां करीब आठ दिन उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गईं हैं। शहर निवासी विनीता शुक्ला जिला न्यायालय में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। 22 फरवरी को उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर गईं। उनके पति कुलदीप शुक्ला ने बताया कि विनीता को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने सांस न आने की बात कही और 24 फरवरी को ब्रेन डेड बताकर वेंटिलेटर से हटा दिया। परिजन उन्हें लेकर पीलीभीत आ रहे थे।  पीलीभीत-बरेली मार्ग पर हाफिजगंज के समीप एंबुलेंस का पहिया सड़क के गड्ढे में गिरा, जिसे झटका लगने से विनीता के शरीर में हलचल हुई और उनकी सांस लौट आईं। परिजन उन्हें लेकर शहर के निजी अस्पताल पहुंचे। जहां न्यूरो चिकित्सक ने उनका इलाज किया। करीब आठ दिन बाद विनीता ठीक होकर घर आ गई हैं। पति कुलदीप शुक्ला ने बताया कि सड़क के गड्ढे से लगे झटके से सांस लौटी हैं। यह भगवान का चमत्कार ही है। अस्पताल में ब्रॉड डेड घोषित होने की जानकारी पर घर में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे थे। कुलदीप शुक्ला ने बताया कि उनके पैतृक घर पुवायां और अन्य स्थानों से रिश्तेदार भी घर आ गए थे।

Related Articles

Back to top button