
पीडीए रथ के भगवा रंग पर उठाए सवाल, पूछा- मुस्लिमों से भरोसा उठा या बदली रणनीति
लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा के प्रस्तावित पीडीए रथ के रंग को लेकर सवाल उठाते हुए इसे सपा के पारंपरिक लाल रंग की तुलना में अधिक भगवा बताया। मायावती ने इसे भाजपा और आरएसएस से जोड़ते हुए सवाल किया कि यह चुनावी रणनीति के तहत रंग बदलने की कोशिश है या सपा का मुस्लिम मतदाताओं से भरोसा कम हो गया है।
मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पिछले चुनावों में मुस्लिम समाज के बड़े हिस्से ने सपा को समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद भाजपा को सत्ता में आने से नहीं रोका जा सका। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में मुस्लिम मतदाता बार-बार सपा को वोट क्यों दें। उनका दावा है कि मुस्लिम समाज के साथ ही अगड़ी जातियों, खासकर ब्राह्मण समाज के एक हिस्से का रुख भी बसपा की ओर बदल रहा है।
बसपा प्रमुख ने पीडीए की परिभाषा को लेकर भी सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनावी जरूरत के हिसाब से पीडीए को कभी पिछड़ा-दलित तो कभी पंडित के अर्थ में बताया गया। साथ ही अखिलेश यादव पर खुद को अंबेडकरवादी बताने और बसपा के नीले रंग से जुड़ी छवि अपनाने का आरोप लगाया। मायावती ने कहा कि इसे जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने इसके मुकाबले बसपा को सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के सिद्धांत वाली अंबेडकरवादी पार्टी बताया और कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के अपने शासनकाल के रिकॉर्ड का उल्लेख किया।



