
दो दिन उत्तर प्रदेश में रहकर सियासी थाह लेगे गृहमंत्री अमित शाह
लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन उत्तर प्रदेश में रहेंगे। वह सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा लेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 30 और 31 अक्तूबर को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह संगठन और सरकार के कामकाज का फीडबैक लेने के साथ चुनावी तैयारियों के बारे में मंथन करेंगे और जीत का मंत्र देंगे। वह कुछ विशिष्ट व्यक्तियों से मुलाकात भी कर सकते हैं, जिन्हें प्रदेश संगठन द्वारा चिह्नित किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शाह पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से भी अलग-अलग मुलाकात कर उनसे भी फीडबैक लेंगे। इसका उद्देश्य पार्टी में अंदरखाने पनप रहे असंतोष का पता लगाकर समाधान के उपाय तलाशना है। शाह संगठन के अलग-अलग मोर्चों के कामकाज का ब्योरा भी ले सकते हैं। जिलों में संगठनात्मक कार्यों की प्रगति और वर्तमान विधायकों के रिपोर्ट कार्ड का जायजा लेने के बाद आगे की रणनीति के बारे में दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
शाह कार्यसमिति में अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद करेंगे ताकि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित की जा सके। शाह के दौरे को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का चुनावी आगाज माना जा रहा है। वह बैठक में मिशन-2027 की रणनीति, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मंथन करेंगे।



