- नगराम रोड स्थित पूरनपुर गांव की घटना, हमलावरों ने जे0सी0बी पर किया पथराव
- प्रवर्तन जोन-2 के अवर अभियंता ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाने में दी तहरीर
लखनऊ। मोहनलालगंज के पूरनपुर गांव में बुधवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने गयी एलडीए की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने टीम के साथ हाथापायी करते हुए विभागीय दस्तावेज छीनने की कोशिश की और जेसीबी पर पथराव करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचायी। इस मामले में एलडीए की तरफ से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफ0आई0आर0 दर्ज कराने के लिए मोहनलालगंज थाने में तहरीर दी गयी है।
एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम-पूरनपुर में नगराम रोड पर राजपाल व अन्य द्वारा लगभग 2,000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक उपयोग हेतु दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण आदेश का स्थल पर अनुपालन कराने के लिए 18 फरवरी की तारीख निर्धारित की गयी थी।
बुधवार को निर्धारित दिन पर प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता सत्येन्द्र सोलंकी, अवर अभियंता विभोर श्रीवास्तव एवं विवेक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू ही की थी कि तभी दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गये और टीम का विरोध करने लगे। इस दौरान हमलावरों ने प्रवर्तन टीम के साथ हाथापायी व मारपीट की और विभागीय फाइल छीनकर नष्ट करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं हमलावरों ने जेसीबी मशीन व सरकारी वाहनों पर पथराव कर दिया। जिससे वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही जेसीबी का ड्राइवर चोटिल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार व प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी को उनकी टीम के साथ मौके पर भेजा गया। जिसके बाद स्थल पर कार्रवाई प्रचलित करायी गयी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ एफ0आई0आर0 दर्ज कराने के निर्देश दिये हैं। अवर अभियंता विवेक यादव की तरह से मोहनलालगंज थाने में एफ0आई0आर0 के लिए तहरीर दी गयी है।
