उत्तर प्रदेशउत्तराखंड

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा, मृतकों के परिजनों को सीएम देंगे पांच पांच लाख

पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन पुल पर हुई दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने हादसे को हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। 

उन्होंने बृहस्पतिवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली से भारी तबाही का भी संज्ञान लेते हुए सभी डीएम को बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और राहत राशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार सुबह हमीरपुर हादसे की सूचना मिलते ही सीएम ने तत्काल जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने को कहा है। 

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं देर रात आए आंधी-तूफान, बारिश का संज्ञान लेने के बाद राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और हर तीन घंटे में स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा। 

साथ ही मुआवजा वितरण, राहत शिविरों, बचाव अभियान और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने को भी कहा गया है, ताकि आमजन तक सही और समयबद्ध सूचना पहुंच सके। उन्होंने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है

Related Articles

Back to top button