
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। इसके पेपर लीक होने को लेकर विवाद बढ़ गया था।
इसके बाद एन टी ए ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।एजेंसी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। एन टी ए ने कहा कि 10 मई 2026 की प्रेस रिलीज के क्रम में यह फैसला लिया गया है। एजेंसी के मुताबिक, 8 मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और जरूरी कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट और जांच रिपोर्ट की समीक्षा की गई. पेपर लीक होने को लेकर सी बी आई जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
एजेंसी ने कहा कि एग्जाम सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्ष व विश्वसनीय परीक्षा तय करने के लिए यह कदम उठाया गया है। एन टी ए के अनुसार, अब नीट परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी। एन टी ए ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
अब तक 45 से ज्यादा लोग हिरासत में
नीट पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है. मामले में कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ जारी है. कल सोमवार तक इस मामले में 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।।
नीट परीक्षा में इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब पेपर लीक मामले की जांच में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) दो बड़े एंगल पर काम कर रही है. पहला, परीक्षा प्रश्नपत्र के प्रिंटिंग और प्रेस में छपाई के दौरान पेपर लीक हुआ हो सकता है।. दूसरा, जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर सेट करने से जुड़े किसी व्यक्ति की ओर से भी प्रश्नपत्र लीक किया गया हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई को सौंप दी है।

