
बिहार की राजनीति में उथल – पुथल
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई है। उनके सोशल मीडिया पर आए बयान ने इस चर्चा को बल दिया है। बिहार की राजनीति में बुधवार की रात काफी हलचल भरी रही। चर्चा इस बात की रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब पद छोड़ सकते हैं और राज्यसभा जा सकते हैं। उनकी सेहत को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जा रही थी और पिछले नवंबर में एनडीए की बड़ी जीत के बाद जब उन्होंने शपथ ली थी, तभी से ऐसे कयास लग रहे थे। अब कहा जा रहा है कि उनके बाहर निकलने की जमीन तैयार की जा रही है। बताया जा रहा है कि राज्यसभा के कुछ सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है, इसलिए माना जा रहा है कि नीतीश कुमार तुरंत इस्तीफा नहीं भी दें तो कुछ समय ले सकते हैं।



