सपा अध्यक्ष बोले-झूठ का प्रपंच न फैलाएं मुख्यमंत्री
लखनऊ।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं, क्योंकि शिक्षित सवाल करता है और रूढ़िवादियों को उखाड़ फेंकता है।
उन्होंने एक्स के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मंच पर अपने झूठ का प्रपंच न फैलाएं और शिक्षा में सुधार का असत्य राग न अलापें। किसी ने याद दिला दिया कि आपके शासनकाल में शिक्षक से लेकर शिक्षा मित्र तक आंदोलित रहे हैं और सरकार ही है, जो स्कूल बंद कर रही थी, तो बगले झांकने लगेंगे। शुक्र मनाइए उस ‘पीडीए पाठशाला’ आंदोलन का जिसके दबाव में सरकार पीछे हटने को बाध्य हुई और शिक्षा पटरी पर आई।
उन्होंने वाराणसी में सपा प्रतिनिधिमंडल के जाते समय रोके जाने पर कहा कि एआई है या सच्चाई… सपा का प्रतिनिधिमंडल बस यही जानने काशी गया, उसको रोकना चोर की दाढ़ी में तिनका है। भाजपा विनाश का दूसरा नाम है। उन्होंने यह भी कहा है कि जब ‘स्वयं प्रथम’ का भाव होता है तो ‘दश-विकार’ होता है। स्वयं के सर्वश्रेष्ठ होने का भ्रमजाल होता है। सज्जनों का अपमान होता है। पक्षपातपूर्ण व्यवहार व अन्याय होता है। सजातीय के सिवा अन्य से दुराव होता है।


