- एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-6 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बुधवार को काकोरी में अभियान चलाकर लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। वहीं, अमीनाबाद व हुसैनगंज में 02 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी के ग्राम-खुदाईंट एवं पलेंहदा में अभियान चलाया गया। इस दौरान राम सनेही, विजय पाल, सुधीर, दुर्गेश, गोविंद, कल्लू व अन्य द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। जिसमें निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर अवैध रूप से विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवाॅल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि विक्की व अन्य द्वारा हुसैनगंज के क्ले स्क्वाॅयर में लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह फैजान व अन्य द्वारा अमीनाबाद में विद्यांत काॅलेज के पास लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।
