
यूपी में मनोज यादव के नेतृत में चलेगा ओबीसी महिलाओं को आरक्षण दिलाने का अभियान
महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर कांग्रेस ओबीसी विभाग ने लिए कई संकल्प
लखनऊ। लखनऊ के इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग द्वारा देश के इतिहास में सामाजिक क्रांति के अगुआ महात्मा ज्योतिबा फुले के 200वीं जयंती को वैज्ञानिक जाति जनगणना दिवस ” के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी वर्गो को उनकी आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी वाले भागीदारी न्याय आंदोलन की अगुआई करने के लिए मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गाँधी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं को ओबीसी की जातिगत जनगणना, ओबीसी महिलाओं की सभी लोकसभा सीटों में आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी के लिए गाँव गाँव, चौराहे चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की ।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिन्द ने बताया कि डॉ. अम्बेडकर के गुरु महात्मा ज्योतिबा फुले जी ने पिछड़े दलित आदिवासी समाज को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए जीवन भर त्याग और संघर्ष किया, अनिल जय हिन्द ने सरकार को चेताया कि महिलाओं को उनके हिस्सेदारी से वँचित करने की मनुवादी सोंच के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं कार्यकर्ताओं के लिए राहुल गाँधी जी के सन्देश भी पढ़ कर सुनाया।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा है आज नई शुरुआत हुई है। उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग की महिलाओं को आरक्षण में हिस्सेदारी दिलाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं को जागरूक करके भाजपा सरकार की मनमानी पर रोक लगाई जाएगी और आगामी चुनाव में उसे सत्ता से बेदखल किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी नेताओं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि समता मूलक समाज की स्थापना के लिए हमें इसी तरह एकजुटता और धैर्य से काम करने की जरूरत है। ताकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी वाड्रा ने जिस भरोसे के साथ उत्तर प्रदेश संगठन में सामाजिक न्याय के मूल्यों की नींव रखी थीं,उसे निश्चित तौर पर पूरा किया जा सके।

तेलंगाना के मंत्री का सम्मान
कार्यक्रम में तेलंगाना कांग्रेस सरकार में परिवहन एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर को जनगणना को वैज्ञानिक तरीके से कराने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार को तेलंगाना मॉडल अपना कर पिछड़ों को देश के सभी संस्थाओं -संसाधनों में आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी देकर उनके साथ न्याय करना चाहिए। कांग्रेस महासचिव/ उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछड़ों को जोड़ने के लिए पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है,आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित किया जायेगा। झारखण्ड प्रभारी के. राजू ने राहुल गाँधी जी के भागीदारी के मुद्दे को उत्तर प्रदेश में मज़बूत करने के लिए पिछड़ा वर्ग विभाग, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सराहना किया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, संसद राकेश राठौर, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा (नेता, कांग्रेस विधानमंडल दल), रवि प्रकाश वर्मा (पूर्व सांसद), वीरेंद्र चौधरी विधायक, अजय कुमार लल्लू (कांग्रेस महासचिव प्रभारी ओड़िसा ),जितेन्द्र बघेल (राष्ट्रीय सचिव ), शाहनवाज़ आलम (राष्ट्रीय सचिव ), सुशील पासी (राष्ट्रीय सचिव ),पूर्व मंत्री मसूद अहमद,अनिल यादव,मनोज यादव, देवेंद्र निषाद, डॉ. राहुल राजभर, प्रतिभा अटल पाल,जितेंद्र पटेल,ममता राजपूत, डॉ. राजकुमार मौर्या,राहुल राय प्रजापति,सूर्यकेश विश्वकर्मा,संकल्प नंदन आदि मौजूद रहे।




