लखनऊ।।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद दोनों डिप्टी सीएम भी मिले। इससे सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मुलाकात के सियासी अर्थ निकाले जा रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार रात 8 बजे निराला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर मोहन भागवत से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर चल रहे कार्यक्रमों, प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी बातचीत होने की चर्चा है। बुधवार सुबह प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मिलने पहुंचे। जहां संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की बात सामने आई। इसके बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी संघ प्रमुख से शिष्टाचार मुलाकात की। माना जा रहा है कि सरकार की नीतियों, सामाजिक अभियानों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर संवाद हुआ। उसके बाद मोहन भागवत के लखनऊ प्रवास के दौरान प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री और संगठन पदाधिकारी भी उनसे मिलने पहुंचे।

