उत्तर प्रदेशउत्तराखंड

23 सितंबर से UPPCS -2025 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू

IAS-PCS अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों से मिलेगा इंटरव्यू की तैयारी का मार्गदर्शन, निखरेगा व्यक्तित्व और संचार कौशल

लखनऊ । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की UPPCS-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आगामी साक्षात्कार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने के उद्देश्य से समाज कल्याण मंत्रालय की ओर से 23 सितंबर से विशेष मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम कई चरणों में संचालित होगा। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की बारीकियों, व्यक्तित्व प्रस्तुतीकरण और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों का उत्तर देने का अभ्यास कराया जाएगा। मॉक इंटरव्यू का आयोजन गोमती नगर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन में किया जाएगा।

इन अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ
समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक श्री आनंद कुमार सिंह ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, लखनऊ और प्रदेश के अन्य परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थी, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अभ्यर्थी तथा UPPCS-2025 की मुख्य परीक्षा में सफल किसी भी वर्ग के इच्छुक अभ्यर्थी इस निःशुल्क मॉक इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे।

IAS-PCS अधिकारी और विषय विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
उन्होंने बताया कि मॉक इंटरव्यू में उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) से जुड़े IAS-PCS अधिकारी और विषय विशेषज्ञ अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्हें साक्षात्कार की तैयारी की रणनीति, सवालों के प्रभावी जवाब देने, व्यक्तित्व प्रस्तुतीकरण, संचार कौशल और आत्मविश्वास बनाए रखने से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाएंगे। इससे अभ्यर्थियों को अपनी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिलेगा।

आवासीय कोचिंग में उपलब्ध हैं विभिन्न सुविधाएं
गौरतलब है कि समाज कल्याण मंत्रालय की ओर से प्रदेशभर में 8 आवासीय कोचिंग केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यहां अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के साथ मेस, पुस्तकालय, इंटरनेट, टेस्ट सीरीज, अध्ययन सामग्री, मनोरंजन, खेलकूद और जिम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button