
पुलिस से झड़प में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई चुटहिल
भारतीय जनता पार्टी 12 वर्ष सत्ता में रहने के बावजूद विपक्ष की तरह कर रही है व्यवहार – अजय राय
लखनऊ। दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास घेरने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।। इस दौरान हुई झड़प में अजय राय सहित कई को चोट भी आई हैं। सभी को देर शाम ईको गार्डन से रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में दोपहर बाद कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर निकले। वे कार्यालय से आगे बढ़े थे कि पुलिस ने उन्हें रोक लिया। अजय राय सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस बीच कांग्रेस नेताओं और पुलिस में झड़प हुई। अजय राय की कलाई पर चोट आई है।। कई अन्य नेता भी चुटहिल हुए हैं। इन सभी को पुलिस इको गार्डन ले गई। जहां से देर शाम छोड़ दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि कायर योगी और मोदी सरकार चाहे जितने भी जोर-जुल्म कर ले, लोकतंत्र और संविधान को कुचलने की कोशिश कर ले, कांग्रेस पार्टी इनके कायराना हरकतों से न डरी है, न डरेगी और न संविधान को नुकसान पहुंचाने देगी।
देश व प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 12 वर्ष से सत्ता में है फिर भी वह विपक्ष के रूप में बर्ताव कर रही है और कांग्रेस मुख्यालय पर अलोकतांत्रिक तरीके से घेराव की कोशिश करती है। उन्होने कहा कि आज जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय आने की सूचना मिली तो कांग्रेसजन गांधीवादी तरीके से कार्यालय में उन लोगों का इंतजार करने लगे लेकिन वे लौट गए। इस आन्दोलन में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, दीपक सिंह, डाॅ0 सीपी राय, मुकेश सिंह, सुरेन्द्र यादव, अनामिका यादव, इन्दल रावत, शिव पाण्डेय, डा0 उमा शंकर पाण्डेय, डा0 अमित राय, ओकारनाथ सिंह, सचिन रावत, वेद प्रकाश त्रिपाठी, रजनीश यादव, आदि मौजूद रहे।

