
सोलन में दोनों ने रचाया विवाह, लखनऊ में शुरू हुई थी लव स्टोरी।
लखनऊ। फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी के साथ विवाह कर लिया है। दोनों सोलन के रिसॉर्ट में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र बंधन में बंधे।
दोनों भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों का विवाह समारोह हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले स्थित एक रिसोर्ट में सीमित पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। बताया गया कि गौरव चौधरी का अपनी पहली पत्नी से पूर्व में तलाक हो चुका है, जबकि मोनिका यादव का भी अपने पहले पति धर्मेंद्र यादव से वैवाहिक संबंध समाप्त हो चुके थे। इसके बाद दोनों ने पारंपरिक हिन्दू रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।चूंकि यह शादी हिमाचल प्रदेश (सोलन) के एक रिजॉर्ट में बहुत सीमित मेहमानों की मौजूदगी में बेहद निजी रखी गई थी, इसलिए अब आने वाले दिनों में मेरठ और फर्रुखाबाद दोनों ही जगहों पर बड़े प्रीतिभोज (रिसेप्शन) की तैयारियां चल रही हैं, जहां दोनों क्षेत्रों के वीआईपी और स्थानीय नेताओं का जमावड़ा देखने को मिलेगा।

जानिए कौन हैं मोनिका यादव
मोनिका यादव फर्रुखाबाद के एक बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता नरेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश सरकार में कई बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा, मोनिका यादव समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव की पूर्व पत्नी हैं । दोनों के बीच तलक हो चुका है। यह दोनों जनप्रतिनिधियों की दूसरी शादी है। गौरव चौधरी का भी अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था।

जर्मनी से जिला पंचायत अध्यक्ष तक का सफर
गौरव चौधरी मेरठ के दौराला क्षेत्र के भराला गांव के रहने वाले हैं। राजनीति में आने से पहले वे जर्मनी में एक अच्छी-खासी कॉरपोरेट नौकरी कर रहे थे।ग्रामीण क्षेत्र और अपने लोगों के बीच काम करने की इच्छा के चलते वे भारत लौट आए और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। साल 2021 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया, जिसमें वे विजयी रहे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में उन्हें एक युवा और पढ़े-लिखे चेहरे के रूप में देखा जाता है।

इस शादी के राजनीतिक मायने
यह उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक दुर्लभ मामला है जहां दो अलग-अलग जिलों के मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष (मेरठ के गौरव चौधरी और फर्रुखाबाद की मोनिका यादव) आपस में विवाह सूत्र में बंधे हैं। गौरव चौधरी जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश (जाट बाहुल्य और किसान राजनीति के केंद्र) से आते हैं, वहीं मोनिका यादव मध्य-पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक स्थापित राजनैतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता नरेंद्र सिंह यादव सूबे की राजनीति में बड़ा नाम रहे हैं।
लखनऊ से शुरू हुई कहानी
दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले लखनऊ में हुई थी। उत्तर प्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्षों की एक आधिकारिक बैठक और मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों का परिचय हुआ था। चूंकि दोनों एक ही संगठन (भाजपा) से जुड़े हैं और समान प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे, इसलिए दोनों के विचार मिले और परिवारों की सहमति से यह शादी तय हुई।


