
सपा अध्यक्ष बोले- बच्चों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीबीएसई परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि कॉपियों की दोबारा जांच की मांग के बाद भी उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही, क्योंकि पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार से ग्रस्त है।
बुधवार को जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि इस मामले में न तो कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार है और न ही किसी स्तर पर इस्तीफा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा जमाने वाले लोग अब मामले के सामने आने के बाद चुप्पी साधे हुए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले लोग देश के वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य के साथ भी धोखा कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नैतिकता की बात करने वाले लोग अब इस मुद्दे पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।
सपा प्रमुख ने युवाओं की नाराजगी का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा भाजपा को नकार रहा है।


