उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेशराजनीति

कर्नाटक में नया नाटक, सीएम सिद्धरमैया का इस्तीफा और शिवकुमार को कमान

नई दिल्ली। कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस सरकार में बड़ा बदलाव होने जा रहा हैं। सीएम सिद्धारमैया सीएम पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं और उनकी जगह डीके शिवकुमार को अगला सीएम बनाया जा सकता है। सीएम सिद्धारमैया आज राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और इस मुलाकात में वे अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। हालांकि राज्यपाल के दौरे पर होने के चलते वे राज्यपाल कार्यालय को ही इस्तीफा दे सकते हैं।।

नेतृत्व परिवर्तन की आहट के बीच सीएम सिद्धारमैया के सरकारी आवास कावेरी पर सुबह ब्रेकफास्ट मीटिंग में डीके शिवकुमार पहुंचे थे। इसी बैठक में एचके पाटिल भी शामिल थे। कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ सिद्धारमैया के करीबी कई विधायक भी इस बैठक में शामिल हुए। इस दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और एक-दूसरे को गले लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी के अंदर के अंदर कोई गुटबाजी नहीं है।

राज्यपाल की गैरमौजूदगी में भी इस्तीफा दे सकते हैं सिद्धारमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बंगलूरू छोड़ने से राज्य की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी इस्तीफा प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगी और सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय को सौंप सकते हैं।

कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया को निर्देश दिया गया है कि राज्यपाल के बंगलूरू में नहीं होने के बावजूद वे अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में जमा करें। पार्टी नेताओं का कहना है कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी घटनाक्रम पहले से निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ेंगे। राज्यपाल बुधवार रात 11:45 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना हुए। उन्होंने मुंबई में रात बिताई और गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर जाएंगे। फिलहाल उनके बंगलूरू लौटने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। राज्यपाल कार्यालय ने उनके अचानक दौरे की वजह पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी बताई है। हालांकि, उनके इस दौरे के समय को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई सवाल उठ रहे हैं। खासकर इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था।

भाजपा ने साधा निशाना

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल के अंदरूनी मतभेदों ने न केवल कांग्रेस विधायकों के बीच अस्थिरता पैदा की है, बल्कि राज्य का प्रशासनिक ढांचा भी पूरी तरह चरमरा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति और विकास कार्यों में कोई प्रगति न होने के कारण जनता से जुड़े अहम मुद्दों की लगातार अनदेखी हो रही है। विजयेंद्र ने कहा, ‘कांग्रेस सरकार की नीतियों से राज्य के युवा बेहद परेशान और निराश हैं। सरकार लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है।’

Related Articles

Back to top button