
प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि धाक जमाने के लिए भाजपा सरकार फेक एनकाउंटर कर रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर बोला। पुलिस की कार्यशैली भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि आजकल फेक एनकाउंटर की खबरें काफी सुनने को आ रही हैं। कई परिवारों ने इस बारे में खुलकर बात की है। इससे पता चलता है कि सरकार फेक एनकाउंटर की साजिश लगातार कर रही है। सरकार की मर्जी के अनुसार फेक एनकाउंटर हो रहा है। अपनी धाक जमाने के लिए यूपी में एनकाउंटर किए जा रहे हैं। ये सरकार जाति देखकर एनकाउंटर करवाती है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, प्रदेश में बिजली संकट के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल है। भाजपा ने दस साल में बिजली के क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केवल बिजली का बिल बढ़ाकर जनता से लूट की है। आज प्रदेश में जो बिजली मिल रही है, वह सपा सरकार में लगाए गए बिजलीघरों से आ रही है। भाजपा ने देश को गंभीर आर्थिक संकट में धकेल दिया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गए हैं। भाजपा असत्य के रास्ते पर है। भाजपा ने पूरे उत्तर प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया है। रोज-रोज पेट्रोल-डीजल को महंगा करने का क्या अर्थ है।

