
विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रबंध निदेशक को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, पूर्वांचल शाखा द्वारा वितरण परिवर्तकों की बढ़ती क्षतिग्रस्ता, अवर अभियंता/ प्रोन्नत अभियंताओ के विरुद्ध हो रही दंडात्मक कारवाइयों का विरोध किया गया। विद्युत व्यवस्था के कुशल संचालन से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण के लिए प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, के प्रतिनिधि निदेशक (कार्मिक एवं प्रशा.) को ज्ञापन सौंपा।। निदेशक तकनीकी महोदय को भी संवर्ग की समस्याओं से अवगत कराया गया ।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में बिना पर्याप्त संसाधन, सुरक्षा उपकरण एवं आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराए विद्युत व्यवस्था का संचालन कराया जा रहा है, जिसके कारण वितरण परिवर्तकों की क्षतिग्रस्ता एवं दुर्घटनाओं की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। संगठन ने मांग की कि ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
संगठन द्वारा यह भी मांग की गई कि विद्युत कर्मचारियों एवं अवर अभियंताओं के विरुद्ध बिना समुचित जांच की जा रही दंडात्मक कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही, जले हुए परिवर्तकों की मरम्मत ऑन साइट के लिए पर्याप्त कार्यदायी संस्थाएं, आवश्यक सामग्री एवं आधुनिक टी एंड पी उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
ज्ञापन में विद्युत उपकेंद्रों एवं लाइनों के अनुरक्षण कार्यों के लिए पर्याप्त एवं प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध कराने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा फील्ड कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त संगठन ने अवर अभियंताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने एवं फील्ड में व्यावहारिक कार्य व्यवस्था लागू किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विद्युत व्यवस्था एवं उपभोक्ता सेवा प्रभावित होने की संभावना बनी रहेगी। संगठन ने प्रबंधन एवं शासन से सकारात्मक एवं व्यावहारिक निर्णय लेते हुए संवर्ग के हितों की रक्षा करने की मांग की।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी पूर्वांचल अध्यक्ष इं नीरज बिंद, केन्द्रीय उपमहासचिव इं. दीपक गुप्ता, पूर्वांचल उपाध्यक्ष इं. राम सिंह,सचिव इं. शिवम चौधरी, संरक्षक इं. अवधेश मिश्र, इं. आई.पी. सिंह, केन्द्रीय कार्यकारिणीं सदस्य इं. पुष्कर उपाध्याय,क्षेत्रीय सचिव मिर्ज़ापुर इं. अभिषेक प्रजापति,जनपद अध्यक्ष वाराणसी इं. सतीश बिंद, जनपद अध्यक्ष आज़मगढ़ इं. सहदेव राम समेत अवर अभियंता एवं प्रोन्नत अभियंतागण उपस्थित रहे।

