
नई दिल्ली। मेडिकल में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे लाखों स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून को कराने का एलान किया है। यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है ।
बता दें कि पेपर लीक के बाद नीट यूजी की परीक्षा रद्द कर दी गई थी. यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। NTA की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, पूरे देश में यह परीक्षा एक साथ आयोजित की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दें। परीक्षा का आयोजन रविवार को होने के कारण केंद्र सरकार और एनटीए ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं ।
सावधान रहने की अपील
NTA ने इस बार छात्रों और अभिभावकों के लिए एक विशेष चेतावनी भी जारी की है. एजेंसी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर कई तरह की भ्रामक खबरें फैल सकती हैं. ऐसे में किसी भी गलत जानकारी के शिकार होने से बचें।
- छात्रों और माता-पिता से अनुरोध किया गया है कि वे केवल NTA के आधिकारिक चैनलों और वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें.
- किसी भी अनाधिकारिक लिंक या मैसेज के जरिए साझा की गई सूचना को सच न मानें.
- अगर किसी छात्र को अपनी परीक्षा, केंद्र या एडमिट कार्ड से जुड़ी कोई समस्या है तो वे सीधे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए आधिकारिक ईमेल और फोन नंबर जारी किए गए हैं.
- ईमेल आईडी:neet-ug@nta.ac.in
- हेल्पलाइन नंबर: 011-40759000 और 011-69227700
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
- तैयारी का समय: अब छात्रों के पास लगभग एक महीने का समय है. विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि छात्र अब केवल रिवीजन और मॉक टेस्ट पर ध्यान दें.
- परीक्षा केंद्र: परीक्षा केंद्रों की सूची और अलॉटमेंट के बारे में जानकारी छात्रों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर भी भेजी जाएगी।
क्या है नीट पेपर लीक मामला
नीट (NEET-UG) 2026 परीक्षा पेपर लीक मामला वर्तमान में एक अत्यंत गंभीर मुद्दा बन गया है, जिसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।
- परीक्षा रद्द: 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के कारण रद्द कर दिया गया है।
- सीबीआई (CBI) की छापेमारी: सीबीआई ने 24 घंटे के भीतर देशभर में 14 जगहों पर छापेमारी की है।
- गिरफ्तारी: मामले में एक पूर्व शिक्षक समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें कोर्ट ने 7 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा है।
- जांच का दायरा: जांच में पता चला है कि प्रश्नपत्र ऑनलाइन प्रसारित (Telegram पर) किए गए थे। जयपुर, गुरुग्राम और नासिक से गिरफ्तारियां हुई हैं।


