
भूपेंद्र चौधरी और सपा के बागी मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट का विस्तार रविवार को हुआ। 6 नए मंत्रियों ने शपथ की। अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रोन्नति देकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम लखनऊ में जन भवन में आयोजित हुआ। इस समारोह में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज पांडे कैबिनेट मंत्री बने। वहीं, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बने।

इसके अलावा कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पूरा होने के साथ ही योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 60 हो गई है।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधायकों को शपथ दिलाई। इस बार के कैबिनेट विस्तार में जातीय समीकरण का खास ध्यान रखा गया है. जाट, गुर्जर, लोधी और दलित समुदाय के वोटर्स का ख्याल रखा गया है।

गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह चौधरी विधान परिषद सदस्य हैं. वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि मनोज कुमार पांडेय ऊंचाहार सीट से विधायक हैं।

वहीं राज्यमंत्री की शपथ लेने वालीं कृष्णा पासवान खागा से, सुरेंद्र दिलेर खैर से और कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा से विधायक हैं. हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री (संगठन) धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक आदि मौजूद रहे।


