उत्तर प्रदेशउत्तराखंड

बेटी की शादी से पहले पिता और रिश्तेदार की मौत

अमेठी. लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कस्बे के पास शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मुबारकपुर मजरे पूरे अमृतलाल पंडित का पुरवा निवासी गौतम (40) और उनके रिश्तेदार आसाराम (35) की मौत हो गई। हादसे में डोमाडीह निवासी बबलू उर्फ विनय और उसका भांजा दुर्गेश निवासी मिश्र का पुरवा, बढ़ौली गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक गौतम शुक्रवार शाम रिश्तेदार आसाराम के साथ बेटी के विवाह के लिए फल और अन्य सामान लेने बाइक से जगदीशपुर कस्बा गए थे। रात करीब आठ बजे लौटते समय लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया।  चिकित्सकों ने जांच के बाद गौतम और आसाराम को मृत घोषित कर दिया। बबलू की हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि दुर्गेश का इलाज चल रहा है। गौतम की बेटी की शुक्रवार रात बारात आनी थी। घर में सुबह से शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button