
बड़ा हादसा टला, कौशाम्बी जा रहे थे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ बड़ी अनहोनी टल गई। उनके हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग लेनी पड़ी। जब तक हेलिकाप्टर लैंड करता तब तक वे पूरी तरह से धुएं से घिर गए थे।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे। उनका हेलीकॉप्टर लामार्टिनियर ग्राउंड से उड़ान भरकर कौशांबी के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या के संकेत मिले और उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस अमौसी एयरपोर्ट पर उतार दिया। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद डिप्टी सीएम केशव मौर्य समेत उसमें सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धुआं निकलने की वजह क्या थी।

