
35 करोड़ में 2.67 एकड़ जमीन खरीदी
लखनऊ। महानायक अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 35 करोड़ से 2.67 एकड़ जमीन खरीदी है। यह जमीन एक कंपनी के जरिए भविष्य में प्लाटिंग की जाएगी।
बिग बी अमिताभ बच्चन फिल्मों के अलावा रियल एस्टेट में भी लगातार इन्वेस्ट कर रहे हैं। अयोध्या में करीब 35 करोड़ रुपये की 2.67 एकड़ जमीन ली है। इसे उन्होंने रियल एस्टेट कंपनी द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा से खरीदा है।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ये जमीन ‘द सरयू’ नाम के बड़े प्रोजेक्ट के पास स्थित है। ये प्रोजेक्ट लगभग 75 एकड़ में फैला हुआ है और आने वाले समय में इसे लग्जरी और प्रीमियम डेवलपमेंट के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इस जमीन की खरीद से जुड़े कागजात बिग बी की कंपनी एबी कॉरपोरेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव ने पूरे किए हैं। रियल एस्टेट कंपनी के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा का कहना है कि अमिताभ बच्चन के इन्वेस्टमेंट से अयोध्या आने वाले समय में इन्वेस्टमेंट के लिए बहुत बड़ा केंद्र बन सकता है। अयोध्या जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक शहर में निवेश का महत्व और भी बढ़ जा रहा है। इससे पहले मई 2025 में उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये में 25,000 वर्ग फुट का एक और प्लॉट खरीदा था, जो इसी प्रोजेक्ट के पास बताया जाता है। वहीं साल 2024 में भी उन्होंने ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में करीब 10,000 वर्ग फुट की जमीन करीब 14.5 करोड़ रुपये में ली थी। अब अयोध्या में उनका यह तीसरा बड़ा निवेश है। सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि बिग बी ने महाराष्ट्र के अलीबाग में भी जमीन खरीदी है। वहां उन्होंने ‘सोल दे अलीबाग’ नाम के प्रोजेक्ट में लगभग 10 करोड़ रुपये का प्लॉट लिया था।

