
दिल्ली। ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव और संभावित बड़े खतरे के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बड़ा बयान आया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने हालिया घटनाओं को ‘अस्थिर क्षेत्र को व्यापक संघर्ष की ओर धकेलने वाला’ बताया है और भारत से ‘नैतिक स्पष्टता’ की मांग की है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा-अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से यह नाजुक क्षेत्र व्यापक संघर्ष की ओर बढ़ रहा है। करोड़ों लोग, जिनमें लगभग एक करोड़ भारतीय भी शामिल हैं, अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। सुरक्षा संबंधी चिंताएं वास्तविक हैं, लेकिन संप्रभुता का उल्लंघन करने वाले हमले संकट को और भी गंभीर बना देंगे।

