लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-बी बरिगवां में सोमवार शाम बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरोजिनी नगर निवासी जमीर खान के बेटे उनैज़ खान के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल में 7वीं कक्षा का छात्र था।
बताया जा रहा है कि बिल्डर संजीव त्रिपाठी के बेटे नवनीत का जन्मदिन था। आरोप है कि दोपहर करीब 3:30 बजे नवनीत और ड्राइवर कार से उनैज़ को पार्टी में ले गए थे। शाम करीब 7:20 बजे परिवार को फोन कर लोकबंधु अस्पताल आने को कहा गया, जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि पहले घटना को सड़क हादसा बताने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि पार्टी के दौरान रील बनाते समय गोली चली, जो उसके सिर में लगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है।
