
एम-पैक्स में बड़े पैमाने पर लगाए जा रहे सोलर
लखनऊ।। प्रदेश में सहकारिता तंत्र को आधुनिक रूप देते हुए सरकार बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (एम-पैक्स) को ग्रामीण विकास का मजबूत आधार बना रही है। प्रदेशभर में लगभग डेढ़ हजार एम-पैक्स को हाईटेक सुविधाओं से तैयार किया जा रहा है।
एम-पैक्स भवनों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर सोलर रूफटॉप योजना लागू की गई है। प्रत्येक चयनित भवन की छत पर दो किलोवाट क्षमता का आधुनिक सोलर हाइब्रिड सिस्टम लगाया जा रहा है। अभी लगभग डेढ़ हजार एम-पैक्स में इन संयंत्रों की स्थापना की जा रही है। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। फिलहाल 500 से अधिक आधुनिक सोलर हाइब्रिड सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं जबकि शेष लगाए जा रहे हैं।
सोलर हाइब्रिड सिस्टम लगने के बाद एम-पैक्स पूरी तरह डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, सर्वर, माइक्रो-एटीएम
क्यूआर और यूपीआई भुगतान प्रणाली अब बिना रुकावट संचालित की जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं गांव में ही आसानी से मिल रहीं हैं और काम में होने वाली देरी समाप्त हो जाएगी।

