
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस पर लखनऊ के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विक्रमादित्य मार्ग में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर छात्राओं को टीका चंदन करते हुए पेड़ा खिलाकर मुह मीठा कराया गया।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री द्वारा शांत मन और पूरी ऊर्जा के साथ परीक्षा देंने एवं अपनी मेहनत से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करते हुए अपने माता-पिता, गुरुजनों और प्रदेश का गौरव बढाने हेतु आशीर्वाद प्रदान किया।
राजकीय बालिका इ० कालेज जियामऊ लखनऊ सेन्टर कोड-341874 को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जिसमें प्रथम पाली में विषय हिन्दी में हाईस्कूल के 304 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। द्वितीय पाली में विषय-हिन्दी इण्टरमीडिएट के 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग, परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा की गौरवशाली परंपरा और परीक्षा को नकल विहीन एवं शुचिता और गरिमा को बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है। वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएँ आज 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित की जा रही हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस 18 फरवरी की प्रथम पाली (प्रातः 8:30 बजे से 11:45 तक) हाईस्कूल में हिन्दी एवं प्रारम्भिक हिन्दी की परीक्षा 8,033 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी जिसमें कुल 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत है।
द्वितीय पाली (सायं 2-00 बजे से 5-15 बजे तक) इण्टरमीडिएट की हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी की परीक्षा 7,998 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी जिसमें कुल 24,99,370 परीक्षार्थी पंजीकृत है।
राज्य स्तरीय हाईटेक कंट्रोल रूम, लखनऊ से 75 जनपदों के सभी 8033 परीक्षा केंद्रों की लाइव ऑनलाइन मॉनिटरिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था।

