
भाजपा राज में यूपी ने संतों के मान से अपमान तक का रास्ता तय किया: अखिलेश यादव
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में यूपी अपराध और पाप का गढ़ बन गया है। भाजपा राज में यूपी ने संतों के मान से अपमान तक का रास्ता तय किया। भाजपा ने यूपी को गर्त में धकेल दिया है। यूपी में अपराधियों के डर व वसूली की वजह से कर्फ्यू जैसी पाबंदी रहती है। पूरे यूपी में गैरकानूनी लोगों का राज है। उत्तर प्रदेश में अब भाजपा सरकार से कोई उम्मीद नहीं करता इसीलिए सुरक्षा व्यवस्था पर अब सवाल नहीं उठता। भाजपा राज में कमीशनखोर ही सरकार चला रहे हैं। यूपी में अमन-चैन नहीं है अब हर तरफ अशांति है। इस सरकार में 8 साल में बीसों लाख नौकरियाँ चली गईं। 2017 के बाद यूपी उथल-पुथल प्रदेश बना है। भाजपा की कोई सोच है ही नहीं। मुखबिर संगी-साथी स्वतंत्र भारत में रहे लेकिन वंदे मातरम कभी नहीं गाया। भाजपा ने कुंभ और माघ मेले की सनातन परंपरा को तोड़ा, परम पूज्य शंकराचार्य जी का अपमान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकमाता पूज्यनीय अहिल्या बाई होल्कर की धरोहर को तोड़ने का पाप किया उसे एआई बताने का झूठा प्रचार किया। धोखेबाज भाजपा लोगों को ठगने का काम कर रही है। भाजपा आस्था का व्यापार करती है, धर्माधिकारियों से सर्टिफिकेट माँगने का पाप करती है। भाजपा ने सनातनी घाटों पर बुलडोजर चलवाया। भाजपाइयों ने महिलाओं को लगातार असुरक्षित व अपमानित किया है। विपक्ष के नेता की धर्म-पत्नी जी का सदन में अपमान किया गया। भाजपा सरकार ने 8 साल में जनता से महंगाई, बिजली बिल बढ़ाकर इतना पैसा वसूल लिया कि वो टैक्स देने लायक ही नहीं बची। 2017 के बाद से उप्र में नकारात्मक साम्प्रदायिक सोच गतिमान है। भ्रष्ट भाजपा राज में आज यूपी पिछड़ता उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश में वन स्टेट, वन माफिया है। भाजपा ने तीर्थ स्थलों को व्यावसायिक बुराइयों से भर दिया है।
यू पी शासन से दुशासन तक पहुंचा है। शिक्षामित्र को न मान मिला है, न सम्मानित जीवन जीने योग्य मानदेय। पहले अन्नदाता अपना पेट तो भर लेते थे अब भाजपा ने डील करके अन्नदाताओं के खेत और खाते दोनों खत्म करने की साजिश की है। भाजपा राज में गोशाला के नाम पर घोटाले बहुत बढ़ गये हैं। नशे के पदार्थों की आवक बहुत बढ़ गयी है।
लखनऊ और दिल्ली में दूरी बहुत बढ़ गयी है। भाजपा राज ने पीडीए समाज पर सबसे अधिक जुल्म, ज्यादती और नाइंसाफी करने का रिकॉर्ड बना दिया है। भाजपा राज में हातों पर हमले हो रहे हैं। यूपी में भाजपा राज में बैठकों व सहभोज पर पाबंदी लग गयी है। सत्ता-सजातीय हनक का बेहद गलत चलन शुरू हुआ है। यूपी में भाजपा सरकार ने सदैव के लिए अपना अंतिम भाषण पढ़ा है।
