उत्तर प्रदेशउत्तराखंडजीवनशैली

यूपी बोर्ड परीक्षा आज से, 8033 परीक्षा केन्द्र बने

18 फरवरी से 12 मार्च, 2026 तक आयोजित होगी यूपी बोर्ड परीक्षा

लखनऊ।

प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने मंगलवार को 18 फरवरी, 2026 से प्रारम्भ हो रही वर्ष 2026 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए लखनऊ में स्थापित राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम का उद्घाटन किया।

उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस वर्ष 2026 की नकल विहीन बोर्ड परीक्षाओं को सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 3984 स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय हैं। 18 जनपदों को संवेदनशील जनपद के रूप में चिन्हित किया है। 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील एवं 683 परीक्षा केन्द्रों को संवेदनशील परीक्षा केन्द्र के रूप में चिन्हित किया गया है। परीक्षा केन्द्रों की निगरानी हेतु एस०टी०एफ० एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई को सम्पूर्ण परीक्षा अवधि तक सक्रिय रखा गया है, अति संवेदनशील केंद्रो का दिन में 02 बार निरीक्षण कराने हेतु मण्डलीय अधिकारियों तथा पर्यवेक्षकों का विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए है, जिससे परीक्षा प्रश्न-पत्रों के प्रकटन के प्रयास की सम्भावना पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक कक्ष में वॉयस रिकार्डरयुक्त 02 सी०सी०टी०वी० कैमरे संस्थापित किये गये है तथा इसके साथ राउटर, डी०वी०आर० एवं हाई स्पीड इन्टरनेट कनेक्शन हैं, जिनके माध्यम से सम्पूर्ण परीक्षा अवधि की लाइव मॉनीटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जायेगी।

53 लाख से अधिक छात्र छात्राएं देंगी परीक्षा

वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 27,61,696 एवं इण्टरमीडिएट के 25,76,082 कुल 53.37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस हेतु 8033 केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मैजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मैजिस्ट्रेट, 427 जोनल मैजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये हैं तथा 69 मण्डलीय और 440 जनपदीय सचल दलों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त शासन स्तर से सभी 75 जनपद और 18 मण्डल के लिए 01-01 राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की गयी है। परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित किये गये स्ट्रांग रूम को 24×7 सी०सी०टी०वी० कैमरे की निगरानी में रखने की व्यवस्था की गयी है।

नकल पर होगी सख्त कार्रवाई

माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि 18 फरवरी, 2026 से 12 मार्च, 2026 तक आयोजित वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में अनुचित साधन प्रयोग (नकल) की प्रवृत्ति तथा सम्भावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, परीक्षा की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता तथा विधि व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से शिविर कार्यालय, माध्यमिक शिक्षा निदेशक, लखनऊ में स्थापित राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम के माध्यम से सम्पूर्ण परीक्षा अवधि में सुचारू व समयबद्ध रूप से नियमित ऑनलाइन मानिटरिंग की जायेगी। इस हेतु दोनों पालियों में अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण हेतु जनपदवार कम्प्यूटर ऑपरेटरर्स, मण्डल प्रभारी, कन्ट्रोल रूम प्रभारी और सह प्रभारी की तैनाती की गयी है। परीक्षा अवधि में सभी 75 जनपदों के प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के स्ट्रांग रूम, प्रश्न-पत्र के वितरण व उत्तर पुस्तिकाओं की सीलिंग-पैकिंग किये जाने वाले कक्ष के साथ ही प्रत्येक परीक्षा कक्ष का ऑनलाइन अनुश्रवण किया जायेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक, जिला कन्ट्रोल रूम, सचल दल एवं सम्बन्धित अधिकारियों से सम्पर्क स्थापित कर जानकारी में आयी कमियों/शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जायेगा। परीक्षा अवधि में छात्रो/ अभिभावकों की समस्याओं के समाधान तथा मार्गदर्शन और जन सामान्य से प्राप्त सुझाव, शिकायतों के समाधान हेतु विभिन्न सोशल मीडिया यथा ई-मेल, फेसबुक, एक्स हैण्डल, व्हाट्सएप एवं टोल-फ्री नम्बर की व्यवस्था की गयी है।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम

राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम, लखनऊ में टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 18001806607 एवं 18001806608 तथा उ०प्र० माध्यमिक शिक्षा परिषद्, प्रयागराज का टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 18001805310 एवं 18001805312 है। इसके अतिरिक्त ईमेल आई०डी० upmspexam2026@gmail.com, फेसबुक upmsp@2026 एक्स हैण्डल, @upmspexam2026 व्हाट्सएप नम्बर 9235822913 से भी संपर्क किया जा सकता है। उक्त के अतिरिक्त परीक्षा की शुचिता एवं नकलविहीन परीक्षा के आयोजन के दृष्टिगत परिषद् मुख्यालय प्रयागराज के साथ-साथ पाँचों क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, बरेली, गोरखपुर में भी एक-एक कन्ट्रोल सेन्टर स्थापित कराया गया है जोकि बोर्ड परीक्षा का ऑनलाइन अनुश्रवण करेंगें।

माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम द्वारा माध्यमिक शिक्षा परिषद् की बोर्ड परीक्षा की भांति उ०प्र० संस्कृत शिक्षा परिषद् परीक्षा 2026 की भी ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जायेगी। इस अवसर पर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा अपर मुख्य सचिव श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा, महानिदेशक स्कूल शिक्षा श्रीमती मोनिका रानी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ महेन्द्र देव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button