लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गुरूवार को सुशांत गोल्फ सिटी में अभियान चलाकर लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। वहीं, गोमती नगर और चिनहट में 02 अवैध निर्माण सील किये गये।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के ग्राम-बक्कास, शेखनापुर एवं चिलौला में अभियान चलाया गया। इस दौरान विशाल भारद्वाज, संजय मौर्या, आशुतोष दीक्षित, कप्तान सिंह, सूबेदार सिंह व अन्य द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की गयी 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं, शिव राज व अन्य द्वारा ग्राम-बक्कास की दुर्गा ग्रीन कालोनी में लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर किये गये अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गोमती नगर के विपुल खण्ड में स्वाती एवं अंशुल गुप्ता द्वारा 288 वर्गमीटर और कैलाश चन्द्र अग्रवाल द्वारा चिनहट के मल्हौर में लगभग 500 वर्गमीटर के भूखण्ड पर किये जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया।
