
मदन मोहन, महेश और निर्मला सदस्य मनोनीत
लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को बनाया गया है। मंदिर की व्यवस्थाओं, प्रशासन और अलग-अलग कामों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में सीईओ की भूमिका रहेगी। इसी तरह राममंदिर ट्रस्ट में नए सदस्यों के रूप में मदन मोहन पांडेय-अयोध्या, महेश भागचन्दका-दिल्लीऔर
निर्मला यादव-शिकोहाबाद की नियुक्ति की गई है।
नए सीईओ जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी हैं। वह एयर मार्शल के पद से रिटायर हुए हैं।. अपने करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उन्हें लड़ाकू विमान उड़ाने के साथ-साथ टेस्ट पायलट और सीनियर कमांडर के तौर पर भी लंबा अनुभव है। जीतेंद्र मिश्रा ने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन लिया था। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे और एयर फोर्स टेस्ट पायलट्स स्कूल, बेंगलुरु से ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका और ब्रिटेन में भी पढ़ाई की है।
3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव
जीतेंद्र मिश्रा के पास 3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। वह फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट के रूप में भी काम कर चुके हैं। अपने करियर में उन्होंने फाइटर स्क्वाड्रन की कमान संभालने से लेकर कई अहम ऑपरेशनल और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाईं हैं।



