लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 बैच के 53 पीसीएस अधिकारियों को पांच वर्ष की नियमित एवं संतोषजनक सेवा पूरी करने पर उच्च समयमान वेतनमान देने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत अधिकारियों को लेवल-11 के वेतनमान (67,700-2,08,700 रुपये) का लाभ एक जून 2026 से मिलेगा। शासन ने गुरुवार को इसका आदेश जारी कर दिया।
प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में कार्यरत 53 उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और समकक्ष पीसीएस अधिकारियों को उच्च समयमान वेतनमान प्रदान किया है। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) नियमावली-1982 के प्रावधानों के तहत यह लाभ उन अधिकारियों को दिया गया है जिन्होंने पांच वर्ष की नियमित एवं संतोषजनक सेवा पूरी कर ली है।
अब तक वे 15,600-39,100 रुपये के वेतनमान और 5,400 रुपये ग्रेड पे के समकक्ष स्तर पर कार्यरत थे। शासनादेश के अनुसार उन्हें व्यक्तिगत रूप से 15,600-39,100 रुपये के वेतनमान एवं 6,600 रुपये ग्रेड पे (वर्तमान पे मैट्रिक्स के लेवल-11, वेतनमान 67,700-2,08,700 रुपये) की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह लाभ एक जून 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
इस सूची में लखनऊ में तैनात प्रवर्धन शर्मा, पवन कुमार जायसवाल, लखनऊ विकास प्राधिकरण की वंदना पाण्डेय, स्थानीय निकाय निदेशालय की सविता शुक्ला सहित विभिन्न जिलों और प्राधिकरणों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।
शासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों का वेतन निर्धारण वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी शासनादेशों के अनुसार किया जाएगा। आदेश की प्रतियां सभी संबंधित जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों, प्राधिकरणों और विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।
किन्हें मिलेगा लाभ
वर्ष 2020 बैच के 53 पीसीएस अधिकारी
एक जून 2021 से सेवा में योगदान की गणना
एक जून 2026 से उच्च समयमान वेतनमान देय
लेवल-11 (67,700-2,08,700 रुपये) का मिलेगा लाभ


