
खराब मौसम से रायपुर, बंगलूरू, राजकोट, हैदराबाद आदि की उड़ानें लखनऊ हुईं डाइवर्ट
लखनऊ। दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान की खराब मौसम के चलते लैंडिंग नहीं हो सकी। लेकिन बीच रास्ते ईंधन तेजी से घटने पर विमान को लखनऊ डाइवर्ट कर दिया गया। इतना ही नहीं खराब मौसम से 6 उड़ानें लखनऊ डाइवर्ट कर दी गई।
मामला इंडिगो एयरलाइंस की है। विमान संख्या 6ई 329 दिल्ली से शाम छह बजे चलकर मुंबई रात 8:10 बजे पहुंचती है। बृहस्पतिवार को विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी, लेकिन मुंबई में खराब मौसम से लैंडिंग नहीं हो सकी। इसी बीच विमान में ईंधन भी कम हो गया। पायलट ने और ट्रैफिक कंट्रोलर को जानकारी दी, जिसके बाद विमान को लखनऊ डाइवर्ट करने को कहा गया। चूंकि विमान में दिल्ली से मुंबई के लिए ही ईंधन था, ऐसे में मुंबई से लखनऊ आने तक ईंधन खत्म होने लगा। पायलट ने रात करीब नौ बजे विमान को सकुशल लखनऊ में लैंड करवाया, जहां ईंधन भरवाने के बाद विमान को मुंबई वापस रवाना कर दिया गया।
खराब मौसम से डाइवर्ट हुए ये विमान
बृहस्पतिवार को खराब मौसम के चलते कुल छह विमान लखनऊ डायवर्ट हुए। इसके अलावा एक विमान में मेडिकल इमरजेंसी हुई थी। दिल्ली से शाम 7:10 बजे उड़ान भरकर रात 9 बजे रायपुर पहुंचने वाली इंडिगो की 6ई 5138, एयर इंडिया की बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली उड़ान रात नौ बजे लखनऊ डाइवर्ट होकर पहुंची। ऐसे की हैदराबाद से दिल्ली जाने वाली अकासा एयर की क्यूपी 1407, इंडिगो की 6ई 6984 राजकोट से दिल्ली जाने वाली, एयर इंडिया की मुंबई से दिल्ली जाने वाली एआई 2910 दिल्ली में खराब मौसम से लखनऊ डाइवर्ट हुईं। लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल ही में ईस्ट एप्रन बनाया गया है। बृहस्पतिवार को जब एक के बाद एक डाइवर्ट किए गए विमानों की लखनऊ में लैंडिंग हुई तो ईस्ट एप्रन काम आया। विमानों की पार्किंग में मुश्किलें पेश नहीं आईं।


