125 सवालों के मिलान से हड़कंप, सीकर समेत कई जगहों पर पूछताछ जारी
जयपुर। राजस्थान में नीट न-2026 परीक्षा को लेकर गड़बड़ी की आशंका के बीच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल अधिकारी सीधे तौर पर पेपर लीक की पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों ने एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। करीब 125 सवाल का मिलान किया गया है।
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि गैस पेपर आया है। यह गैस पेपर व्हाट्सएप पर आया और फोटोकॉपी की दुकान पर मिला। उन्होंने कहा कि इसकी जांच चल रही है। परीक्षा से एक दिन पहले छात्रों के बीच एक “गेस पेपर” वायरल हुआ था। जांच में सामने आया कि उस गेस पेपर के करीब 125 सवाल असली परीक्षा में पूछे गए सवालों से मेल खाते रहे थे। इसी के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। अब यह पता लगाने में टीम जुटी है कि यह गेस पेपर कहां से आया, किसने तैयार किया और आखिर इतने सवाल असली पेपर से कैसे मैच हो गए। मामले में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच के दौरान एसओजी की टीमें सीकर पहुंचीं, जहां कई हॉस्टलों में छात्रों और युवकों से पूछताछ की गई। अधिकारियों ने मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले हैं। बताया जा रहा है कि 2 मई की रात, यानी परीक्षा से ठीक एक दिन पहले, कुछ छात्रों तक यह गेस पेपर पहुंचाया गया था। कुछ छात्रों ने सीकर के उद्योग नगर थाने में शिकायत भी दी थी। छात्रों का आरोप था कि कुछ लोगों के पास पहले से ऐसा गेस पेपर था, जिसमें परीक्षा में आए कई सवाल मौजूद थे। हालांकि उस समय स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
एनटीए ने कहा जांच एजेंसी को सौंपी
उधर नीट की परीक्षा आयोजित करवाने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए बताया कि 7 मई की शाम को उसे परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़ी कुछ शिकायतें और इनपुट मिले थे। इसके बाद 8 मई की सुबह ही ये जानकारी जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गई।

